Headlines

सौरभ हत्याकांड: जेल में बिगड़ी मुस्कान की तबीयत, प्रेग्नेंसी के लक्षण देख डॉक्टर बुलाई गईं

मेरठ: सौरभ हत्याकांड की मुख्य आरोपी मुस्कान रस्तोगी की तबीयत जिला जेल में अचानक बिगड़ गई। जानकारी के मुताबिक, मुस्कान को शनिवार को कई बार उल्टियां हुईं और उसमें गर्भावस्था जैसे लक्षण नजर आए। इसके बाद जेल प्रशासन ने फौरन महिला डॉक्टर को मेडिकल जांच के लिए बुलाया। अब प्यारे लाल जिला अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मुस्कान का गायनिक परीक्षण करेंगी, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह गर्भवती है या नहीं।

हत्या का भयानक सच

इंदिरानगर निवासी सौरभ कुमार की हत्या 3 मार्च की रात उसकी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला ने मिलकर की थी। उन्होंने पहले सौरभ को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया, फिर चाकू से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव के 15 टुकड़े किए गए और एक प्लास्टिक के ड्रम में डालकर सीमेंट और डस्ट से सील कर दिया गया।

4 मार्च की शाम मुस्कान और साहिल हिमाचल घूमने निकल गए। 11 मार्च को मनाली में साहिल का जन्मदिन मनाया गया और 17 मार्च को दोनों मेरठ लौटे। 18 मार्च को मुस्कान ने अपने पिता के साथ थाने जाकर हत्या की जानकारी दी, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।

मुस्कान के मां-बाप के बयान दर्ज

हत्या के बाद पुलिस ने मुस्कान के माता-पिता कविता और प्रमोद रस्तोगी को थाने बुलाकर उनके बयान दर्ज किए। उन्होंने हत्या की बात दोहराई और कहा कि मुस्कान ने उन्हें भी गुमराह किया था। पुलिस ने चार्जशीट लगभग तैयार कर ली है और जल्द ही कोर्ट में पेश की जाएगी।

जेल में बदल रही ज़िंदगी?

जेल में मुस्कान सुंदरकांड का पाठ कर रही है और सिलाई भी सीख रही है, जबकि साहिल रामायण पढ़ रहा है और सब्जी की खेती में भी हाथ बंटा रहा है। हालांकि मुस्कान बार-बार साहिल से मिलने की अर्जी दे रही है, लेकिन जेल नियमों के तहत इसकी इजाजत नहीं दी गई।

पीड़ित परिवार की मांग

सौरभ की मां रेणु देवी ने मुस्कान और साहिल को अलग-अलग जेल में भेजने की मांग की है और कहा है कि वे न्याय की पूरी लड़ाई लड़ेंगी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सौरभ का अपनी पत्नी और उसके प्रेमी के बीच अवैध संबंधों में बाधा बनना ही उसकी हत्या का मुख्य कारण था।

अगली पेशी 15 अप्रैल को

फिलहाल मुस्कान और साहिल दोनों जिला जेल में बंद हैं। कोर्ट में उनकी अगली पेशी 15 अप्रैल को होगी। इस दौरान मेडिकल रिपोर्ट आने पर मुस्कान की हालत और उसकी संभावित गर्भावस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


📰 The KN News – सच्ची खबर, सबसे पहले
📍 Meerut Bureau
📅 06 अप्रैल 2025

Don’t miss these tips!

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *