Headlines

जंगीपुर विधानसभा में चुनावी गर्मी: सपा के चर्चित युवा नेता की ‘राशन-नकदी’ राजनीति पर उठे सवाल

रिपोर्ट: The KN News डेस्क | लोकेशन: गाज़ीपुर |

गाज़ीपुर की सियासत में एक बार फिर हलचल मच गई है। समाजवादी पार्टी के एक चर्चित युवा नेता पर चुनावी मौसम के आते ही “राशन और नकदी” बांट कर जंगीपुर विधानसभा सीट की दावेदारी मजबूत करने के आरोप लग रहे हैं। यह मामला ना सिर्फ स्थानीय राजनीति का मुद्दा बना है, बल्कि अब सोशल मीडिया और क्षेत्रीय चर्चाओं का भी केंद्र बन चुका है।

सपाई नेता की ‘मार्केटिंग पॉलिटिक्स’

चर्चित युवा नेता खुद को सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का करीबी बताते हैं और लंबे समय से इसी छवि के सहारे राजनीति की जमीन मजबूत करते आए हैं। जब भी चुनाव नज़दीक आते हैं, उनका काफिला चार-पांच गाड़ियों के साथ पहले सदर विधानसभा और अब जंगीपुर विधानसभा की ओर रुख करता है। जनता से हाथ मिलाने, फोटो खिंचवाने और राहत सामग्री वितरित करने की ये रणनीति अब सवालों के घेरे में आ चुकी है।

2014 से अब तक – लगातार असफलता का सिलसिला

यह नेता 2014 में अखिलेश यादव के ‘खासमखास’ बनकर गाज़ीपुर में अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर चुके हैं। स्थानीय बाजारों में उनकी ‘भौकाल’ वाली एंट्री और भीड़ जुटाने की कला से भले शोर मचता रहा हो, लेकिन टिकट की राजनीति में यह नेता लगातार पिछड़ते रहे हैं।

पहले उन्हें सपा हाईकमान ने टिकट न देकर किनारे किया, फिर वह लखनऊ की राजनीति में लौटे। विधान परिषद चुनाव में भी हाथ आजमाया, लेकिन वहां भी असफलता ही हाथ लगी। जिले की सियासी परिस्थितियों को देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि अब उनकी राजनीतिक पकड़ कमजोर पड़ती जा रही है।

अब जंगीपुर की ओर नजरें

अब वही नेता जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में पूरी ताकत झोंक चुके हैं। वहां के विस्थापितों को राशन किट और नकदी बांटने का आरोप लग रहा है, जिससे यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या यह राहत राजनीति है या सस्ती लोकप्रियता का साधन?

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिन इलाकों में यह राहत सामग्री बांटी जा रही है, वे वही क्षेत्र हैं जहां राजनीतिक रूप से असंतोष बढ़ रहा था। राहत बांटने की आड़ में अपने पक्ष में माहौल बनाना, क्या सच्ची सेवा है या सियासी गणित का हिस्सा? जनता अब इस पर नजर रखे हुए है।

कांग्रेस और बीजेपी की प्रतिक्रिया का इंतज़ार

हालांकि अभी तक कांग्रेस या बीजेपी जैसी विपक्षी पार्टियों की कोई अधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन अंदरखाने में यह मुद्दा गर्माया हुआ है। जल्द ही इस मामले पर बयानबाजी तेज़ होने की संभावना है।

क्या इस बार टिकट मिल पाएगा?

जंगीपुर विधानसभा सीट को लेकर समाजवादी पार्टी के अंदर खींचतान चल रही है। पार्टी नेतृत्व इस बार जमीनी कार्यकर्ताओं और जनसमर्थन को प्राथमिकता देने का दावा कर रहा है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या राहत सामग्री बांटकर जनता के दिलों में जगह बनाने की ये रणनीति सफल होगी? या फिर एक बार फिर हाईकमान से झटका लगेगा?

जंगीपुर विधानसभा सीट, जो अब तक अपेक्षाकृत शांत मानी जाती थी, अब समाजवादी पार्टी के अंदरूनी घमासान और स्थानीय स्तर की ‘राहत राजनीति’ के चलते सुर्खियों में है। युवा नेता का सपना है टिकट, लेकिन जनता को चाहिए ईमानदार नेतृत्व। यह तय अब आने वाला समय ही करेगा कि राशन और नकदी से सपनों की राजनीति कितनी दूर तक जा पाती है।

Don’t miss these tips!

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *