वाराणसी, 14 अप्रैल 2025 –
वाराणसी की बेटी पूजा यादव ने इतिहास रच दिया है। पहली बार जिले की किसी महिला हॉकी खिलाड़ी का चयन भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है। पूजा अब ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी, जहाँ भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की सीरीज पर्थ में खेली जाएगी।
गंगापुर निवासी पूजा वर्तमान में लखनऊ के साई हॉस्टल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं और पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर से बीए कर रही हैं। उन्होंने अपनी हॉकी यात्रा गंगापुर से शुरू की थी, और ओलंपियन ललित उपाध्याय से प्रेरित होकर इस मुकाम तक पहुंची हैं।
पूजा ने फोन पर बातचीत में बताया, “आज मैं जो भी हूं, अपने माता-पिता की तपस्या और प्रोत्साहन की वजह से हूं। मैं ऑस्ट्रेलिया में शत-प्रतिशत प्रदर्शन दूंगी। अनुशासन और ईमानदारी ही सफलता की कुंजी है।”
उनके पिता महेंद्र यादव दूध बेचते हैं और मां कलावती देवी गृहिणी हैं। छह बहनों और एक भाई में पूजा पांचवें स्थान पर हैं।
हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने पूजा की सफलता को जिले के लिए गर्व की बात बताया और कहा कि इससे क्षेत्र की बालिका खिलाड़ी भी हॉकी की ओर आकर्षित होंगी। वहीं सचिव केबी रावत ने 14 अप्रैल 2025 को बनारस की हॉकी के लिए ऐतिहासिक दिन करार दिया।
पूजा यादव को पहली बार नीली जर्सी पहनने का अवसर मिला है, जो वाराणसी की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाला क्षण है।

