मथुरा जनपद के बरसाना थाना क्षेत्र के गांव बिजवारी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 20 वर्षीय विवाहिता गुड़िया अपने 52 वर्षीय प्रेमी विनोद के साथ फरार हो गई। तीन दिन बाद उसका शव जैंत थाना क्षेत्र के चौमुहां स्थित एक कुएं में मिला। यह मामला अब हत्या में बदल गया है, जिसमें आरोपी प्रेमी विनोद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
प्रेम में धोखा, अंत में मौत
गुड़िया की शादी तीन वर्ष पूर्व बिजवारी निवासी भूदेव से हुई थी। 24 अप्रैल को वह अचानक घर से लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिली तो परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
26 अप्रैल को जानकारी मिली कि गुड़िया अपने जीजा के दोस्त विनोद (52) के साथ बाइक पर देखी गई थी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और विनोद की पहचान कर ली गई। सोमवार को चौमुहां स्थित आम्रपाली के सामने एक कुएं में विवाहिता का शव बरामद हुआ, जिसे परिजनों ने गुड़िया के रूप में पहचाना।
प्रेमी था पहले से शादीशुदा
सीओ गोवर्धन आलोक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गुड़िया अपने प्रेमी विनोद के साथ रहना चाहती थी, लेकिन विनोद पहले से शादीशुदा था और उसे अपनाने को तैयार नहीं था। इसी कारण उसने गुड़िया की हत्या कर दी।
तीन माह की गर्भवती थी गुड़िया
मृतका के पिता वीरेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि गुड़िया तीन माह की गर्भवती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विनोद ने न केवल उनकी बेटी की, बल्कि उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी हत्या की है।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
हत्यारोपी विनोद ने पुलिस को गुमराह करने के लिए एक नया तरीका अपनाया। उसने कुएं के पास स्थानीय लोगों की तस्वीरें फेंक दीं ताकि पुलिस का शक उनकी ओर जाए। हालांकि, जांच में स्पष्ट हुआ कि उन लोगों का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। इनमें से एक रेलवे कर्मचारी और दूसरा मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और हत्या के कारणों व परिस्थितियों की पुष्टि के लिए सबूत इकट्ठा कर रही है।

