बिजनौर, The KN News अपडेटेड: 30 अप्रैल 2025
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। सऊदी अरब से लौटे युवक की उसके भांजे और उसके दोस्त ने मिलकर निर्मम हत्या कर दी। वजह थी मामी से अवैध संबंध और घर में मामा की मौजूदगी, जो इन रिश्तों के बीच दीवार बन रहा था।
हत्या की पटकथा पहले से तैयार
मृतक की पहचान फारुख (35) पुत्र हसीनुद्दीन, निवासी मोहल्ला ढोलकियान, किरतपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, फारुख सऊदी अरब में काम करने के बाद पिछले तीन वर्षों से अपने घर लौट आया था और छोटा हाथी चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। फारुख की पत्नी के रिश्ते उसके भांजे मेहरबान से थे, जो कि गांव-गांव जाकर कपड़ों की फेरी करता था। फारुख के घर पर रहने से इन संबंधों में रुकावट आने लगी, जिस वजह से मेहरबान ने अपने दोस्त उमर के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।
हत्या की वारदात
सोमवार देर शाम मेहरबान और उमर फारुख को बाइक पर बैठाकर असगरपुर गांव के जंगलों में मालन नदी के तटबंध तक ले गए। मेहरबान ने पहले फारुख को तमंचे से गोली मारी, लेकिन निशाना चूक गया और गोली हाथ को छूकर निकल गई। इसके बाद उमर ने तमंचा लेकर फारुख की पीठ पर दो गोलियां दागीं। इतना ही नहीं, दोनों ने पत्थर से उसका सिर कुचलकर हत्या को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज ने खोले राज
हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पास के गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों आरोपी सिल्वर रंग की बाइक से भागते नजर आए। एक ग्रामीण ने आरोपियों की पहचान कर ली, जिसमें एक को स्थानीय जिम में जाते देखा गया था।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
मृतक के भाई नईम ने मेहरबान पुत्र अहसान और उमर पुत्र जुल्फकार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर दोनों की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें जवाबी कार्रवाई में मेहरबान के पैर में गोली लगी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
साक्ष्य और कबूलनामा
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल तमंचा, मृतक की बाइक और अंगूठी बरामद की है। पूछताछ में मेहरबान ने कई वर्षों से मृतक की पत्नी से संबंध होने की बात कबूली। उसने बताया कि फारुख इन संबंधों को लेकर अपनी पत्नी से विवाद करता था और इसी के चलते हत्या की योजना बनाई गई।
मृतक की पत्नी भी संदेह के घेरे में
फिलहाल पुलिस फारुख की पत्नी से भी गहन पूछताछ कर रही है और उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या में प्रयुक्त तमंचा पांच दिन पहले पास के ही गांव से खरीदा गया था।

