अमृतसर, पंजाब – 8 मई 2025
‘ऑपरेशन सिंधूर’ के लॉन्च के बाद पाकिस्तान की बौखलाहट खुलकर सामने आ गई है। सीमा पर गोलाबारी की नाकाम कोशिशों के बाद अब पाकिस्तान ने भारत पर मिसाइल हमला करने की साजिश रची, जिसे भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने विफल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब के बॉर्डर से सटे अमृतसर इलाके में एक संदिग्ध पाकिस्तानी मिसाइल गिरने की सूचना मिली है। हालांकि, भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने समय रहते मिसाइल को हवा में ही नष्ट कर दिया। इस मिसाइल का मलबा खेतों में गिरा, जिससे क्षेत्र में हलचल मच गई।
भारतीय सेना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मिसाइल के अवशेषों को जब्त कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, यह मिसाइल पाकिस्तान द्वारा जानबूझकर तनाव भड़काने की नाकाम कोशिश थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्हें जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी और कुछ देर बाद खेतों में यह मिसाइल गिरा हुआ मिला। गनीमत रही कि कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
भारत की ओर से ‘ऑपरेशन सिंधूर’ के तहत हाल ही में कई अहम कार्रवाई की गई हैं, जिनसे आतंकवाद और घुसपैठ पर बड़ी चोट पहुंची है। विशेषज्ञ मानते हैं कि इस ऑपरेशन के चलते पाकिस्तान की घबराहट चरम पर है, और यही उसकी मिसाइल हमले की नाकाम साजिश का कारण बना।
भारतीय सेना ने कहा है कि देश की सुरक्षा के लिए हर मोर्चे पर तैयार हैं और पाकिस्तान की किसी भी हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

