मरदह। नरवर गांव में 20 मई को काशीदास बाबा पूजा की तैयारी के दौरान करंट की चपेट में आने से चार युवकों की मौत के बाद ग्रामीण अब भी मर्माहत है। हादसे में मृत सिपाही रविंद्र यादव उर्फ कल्लू और गोरख यादव के पड़ोसी ने शुक्रवार को अपने बेटे की शादी सादे समारोह में संपन्न कराया। बिना शहनाई, ढोल- नगाड़े, बैंड-बाजे और डीजे के रिश्तेदार बरात लेकर नंदगंज थाना क्षेत्र के खिलवां बासाबांध गांव निवासी रामनगीना यादव के घर पहुंचे।
नरवर गांव निवासी चंद्रमा यादव हादसे में मृत सिपाही रविंद्र यादव उर्फ कल्लू और गोरख यादव के पड़ोसी है। चंद्रमा यादव के पुत्र परिषदीय स्कूल में अध्यापक शैलेंद्र यादव की 23 मई को नंदगंज के खिलवां बासाबांध गांव में बरात जानी थी। चंद्रमा यादव ने पुत्र के बरात के लिए काफी तैयारियां कर रखी थीं। हादसे से पहले बड़े धूमधाम से तिलक समारोह संपन्न हुआ था। सभी लोग बरात जाने की तैयारी में थे। ऐसे में गांव में काशीदास बाबा पूजा में चार युवकों की मौत ने सबको झकझोर कर रख दिया। चंद्रमा यादव और उनके परिजनों ने बताया की घटना से वह काफी मर्माहत है। इसलिए बेटे की शादी में रस्म अदायगी की।

