जंगीपुर से समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव शनिवार को नरवर गांव पहुंचे और हालिया दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिजनों से संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस त्रासदी में दो परिवारों की अगली पीढ़ी खत्म हो गई है, जो अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण और पीड़ादायक है।
डॉ. यादव ने कहा, “इस हृदयविदारक घटना से न केवल पूरा क्षेत्र, बल्कि पूरा प्रदेश शोक में डूबा है। यह समय राजनीतिक बयानबाजी का नहीं, बल्कि पीड़ितों के साथ खड़े होने का है।”
उन्होंने आगे जानकारी दी कि 28 मई को सांसद धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल नरवर गांव का दौरा करेगा, जो पीड़ितों की समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर शासन से चर्चा करेगा।
सपा विधायक ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि इस दुखद घटना में जिन लोगों की जान गई है, उनके परिजनों को कम से कम एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान की जाए, ताकि वे इस संकट की घड़ी में थोड़ी राहत पा सकें।

