गाजीपुर। थाना दिलदारनगर क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शादी समारोह के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 5 जून को बारात में डीजे पर नाचने और फोटो खींचने को लेकर हुए विवाद में हुई मारपीट में दूल्हा बुरी तरह घायल हो गया। इलाज के दौरान 6 जून की रात वाराणसी में उसकी मौत हो गई। इस घटना से दोनों परिवारों में मातम का माहौल है।
मृतक की पहचान ब्रह्मदेव राम के पुत्र राकेश राम (20) निवासी त्रिलोकीपुर गांव के रूप में हुई है। राकेश की शादी जगदीशपुर गांव की युवती राजकुमारी से तय थी। 5 जून को बारात धूमधाम से पहुंची और जयमाल कार्यक्रम के दौरान डीजे पर नाचने और फोटो खींचने को लेकर वर-वधू पक्ष के बीच कहासुनी हो गई जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
जब दूल्हे के पिता ने मामला शांत कराने की कोशिश की, तो उन्हें भी मारपीट का शिकार होना पड़ा। यह देख दूल्हा मंच से कूदकर पिता को बचाने पहुंचा, लेकिन तभी कुछ लोगों ने उस पर लोहे के पट्टे से सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल दूल्हा राकेश राम को तत्काल वाराणसी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के चलते शादी की रस्में पूरी नहीं हो सकीं।
पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर दूल्हन के भाई सहित आठ लोगों को नामजद करते हुए हत्या और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी ताजपुर मांझा निवासी विनीत राम, प्रदीप उर्फ कल्लू, मोनू राम, पप्पू, विजय राम, मिथिलेश, विशाल राम, सकलू और विपिन को नामजद किया गया है। इनमें से कुछ की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए वाराणसी भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ी जाएगी। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है। एक खुशियों भरा पल चंद पलों में मातम में बदल गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

