Headlines

अनुष्का यादव से मिले तेज प्रताप यादव, बोले- “इस घर से मेरा पारिवारिक रिश्ता है”

सोमवार को पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपनी महिला मित्र अनुष्का यादव से मुलाकात कर एक बार फिर राजनीतिक और पारिवारिक हलकों में हलचल मचा दी। तेज प्रताप यादव करीब सात घंटे तक अनुष्का यादव के घर पर मौजूद रहे। इस मुलाकात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जब तेज प्रताप यादव घर से बाहर निकले तो मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा,

“मैं सबसे मिलता-जुलता रहता हूं। इस घर से मेरा पारिवारिक रिश्ता है। मुझे आने-जाने से कोई नहीं रोक सकता।”

हालांकि जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अनुष्का यादव को अपने घर ले जाना चाहते हैं, तो इस सवाल पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और चुपचाप अपनी गाड़ी में बैठकर चले गए।

तेज प्रताप के जाने के तुरंत बाद अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव भी दूसरी गाड़ी से बाहर निकले लेकिन उन्होंने मीडिया के किसी भी सवाल का उत्तर नहीं दिया।

इस मुलाकात से पहले तेज प्रताप यादव ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में यह माना कि अनुष्का के साथ उनकी तस्वीरें असली थीं, और वह पोस्ट उनकी ही सोशल मीडिया आईडी से किया गया था। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने खुद फोटो या वीडियो अपलोड नहीं किए थे।

तेज प्रताप यादव ने कहा,

“प्यार किया तो किया। इसमें कोई गलती नहीं है। प्रेम तो सभी करते हैं। मैं जनता के रास्ते फिर से पार्टी में आऊंगा और धीरे-धीरे सब लोग मान जाएंगे।”

इसके साथ ही तेज प्रताप ने यह भी कहा कि कुछ लोगों ने सोचा था कि पार्टी और परिवार से बाहर करके उनका राजनीतिक सफर खत्म हो जाएगा, लेकिन अब वही लोग पछताएंगे।

गौरतलब है कि 25 मई को राष्ट्रीय जनता दल ने तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह साल के लिए निलंबित कर दिया था। पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी सार्वजनिक रूप से नाराज़गी जताई थी और सोशल मीडिया पर लिखा था कि,

“निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना हमारे सामाजिक न्याय के संघर्ष को कमजोर करती है। तेज प्रताप का व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।”

अब इस मुलाकात को लेकर यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या तेज प्रताप यादव अपने पारिवारिक रिश्तों को फिर से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं या यह एक राजनीतिक रणनीति है।

अनुष्का यादव की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन तेज प्रताप की यह पहल साफ तौर पर यह संकेत दे रही है कि वह ना सिर्फ अपने रिश्तों को सुधारना चाहते हैं, बल्कि राजनीति में भी अपनी वापसी की जमीन तैयार कर रहे हैं।

The KN News | रिपोर्ट

Don’t miss these tips!

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *