Headlines

सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में सपाइयों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव के नेतृत्व में जिला निर्वाचन अधिकारी/सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी से मिला और मतदाता सूची में अनियमितताओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े मतदाताओं के नाम गलत ब्लॉकों में जोड़े जाने और बड़ी संख्या में जमा किए गए स्नातक मतदाता बनने के फॉर्म को सूची में शामिल न किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई।

सपाइयों ने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के नाम दूसरे ब्लॉकों में जोड़ दिया गया है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है। उन्होंने मांग की कि जिन मतदाताओं के नाम गलत ब्लॉक में जुड़े हैं, उन्हें उनके गृह ब्लॉक में स्थानांतरित किया जाए और जिन फॉर्मों को जमा किया गया है, उन्हें तत्काल मतदाता सूची में शामिल किया जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने सदर विधानसभा के बूथ संख्या 208 का भी मामला उठाया। सपा के बूथ लेवल एजेंट (BLA) अरमान अली के पूरे परिवार का नाम विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान सूची में शामिल न होने को निर्वाचन विभाग की गंभीर चूक बताया गया। सपाइयों का कहना था कि वर्ष 2003 और 2025 की मतदाता सूची में पूरे परिवार के नाम दर्ज हैं, इसके बावजूद बड़ी संख्या में नाम अपलोड नहीं हो पा रहे हैं, जिससे कई लोग मतदाता बनने से वंचित रह जाएंगे।

इस पर अपर जिलाधिकारी गाजीपुर ने बताया कि सॉफ्टवेयर से संबंधित तकनीकी कारणों की वजह से वोटों की मिक्सिंग हुई है, जिसे तत्काल सुधारने का कार्य किया जाएगा। साथ ही, छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने और गलत ब्लॉकों में जुड़े नामों को सही स्थान पर स्थानांतरित करने का आश्वासन भी दिया गया।

समाजवादी पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्वाचन विभाग द्वारा इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी संगठन स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगा।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता शौर्या सिंह, पूर्व नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष छन्नू यादव, बीएलए अरमान अली, रामाशीष, सुग्गू, बिंध्याचल यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Don’t miss these tips!

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *