Headlines

सुभासपा पंचायत चुनाव अकेले लड़ेगी, गठबंधन नहीं होगा: ओमप्रकाश राजभर

कासिमाबाद (गाजीपुर)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने स्पष्ट किया है कि आगामी पंचायत चुनाव उनकी पार्टी अकेले लड़ेगी और इसमें किसी भी प्रकार का गठबंधन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव समय से कराए जाएंगे और प्रदेश सरकार की तैयारियां पूरी हैं।

शुक्रवार को कासिमाबाद के एक मैरेज हॉल में जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री राजभर ने बताया कि बैलेट पेपर की छपाई हो रही है, मतदाता सूची तैयार है और अब केवल चुनाव तिथि की घोषणा शेष है। उन्होंने दो टूक कहा कि पंचायत चुनाव में अकेले उतरने का निर्णय गठबंधन की राजनीति पर कोई असर नहीं डालेगा।

राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस सत्ता पाने के लिए परेशान हैं, लेकिन फिलहाल उनका सपना पूरा होने वाला नहीं है। एसआईआर को लेकर वाराणसी में हुई मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गलत मतदाताओं के नाम हटें और सही मतदाताओं का नाम न छूटे, यही सरकार का स्पष्ट निर्देश है। उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर को सफल बनाने के लिए सभी दलों और कार्यकर्ताओं को ईमानदारी से काम करना चाहिए।

पंचायती राज विभाग में कथित घोटालों के सवाल पर मंत्री ने आरोपों को बेबुनियाद बताया। वहीं, कफ सिरप मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार कड़ी कार्रवाई कर रही है, कोई दोषी बचेगा नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के पास इस समय कोई ठोस मुद्दा नहीं है।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करें, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटने न पाए और कोई गलत नाम न जुड़ सके। उन्होंने पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटने और हर सीट पर पार्टी का उम्मीदवार उतारने के लिए अभी से तैयार रहने का आह्वान किया। साथ ही, आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

बैठक में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, पतिराम राजभर, सालिक यादव, राजन राजभर, रुद्रप्रताप सिंह, अमरजीत बिंद, जयनाथ राजभर, हरी बिंद, सिंहासन राम और शिवकुमार यादव सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उधर, गाजीपुर में समाजवादी पार्टी ने एसआईआर को लेकर सरकार पर हमला बोला। सपा महिला सभा की नव मनोनीत प्रदेश सचिव ज्योति पांडेय के स्वागत कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से गरीब और कमजोर वर्गों के वोट काटने की साजिश की जा रही है। उन्होंने मतदाताओं से अपने वोट की सुरक्षा के लिए एसआईआर फॉर्म भरने की अपील की।

पंचायत चुनाव से पहले सुभासपा के अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान और एसआईआर को लेकर सियासी बयानबाजी से प्रदेश की राजनीति और गर्माने के आसार हैं।

Don’t miss these tips!

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *