गाजीपुर, 27 मार्च: वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ी NH-29 से सुभाखरपुर-आरिपुर मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य आज से शुरू हो गया है। यह सड़क क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन पिछले कई वर्षों से इसकी दुर्दशा ने लोगों को भारी परेशानी में डाल रखा था।
इस सड़क को बनवाने के लिए जंगीपुर विधानसभा के विधायक डॉ. वीरेन्द्र यादव ने लगातार संघर्ष किया। उन्होंने विधानसभा और प्रशासन के स्तर पर कई बार आवाज उठाई और जब बात नहीं बनी, तो धरना-प्रदर्शन तक करना पड़ा। उनके प्रयासों और जनता के समर्थन के चलते सरकार को आखिरकार इस सड़क के चौड़ीकरण व मरम्मत के लिए स्वीकृति देनी पड़ी।
आज भूमि पूजन के साथ इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हुई। इस मौके पर डॉ. वीरेन्द्र यादव ने कहा, “यह सड़क जंगीपुर क्षेत्र के विकास के लिए बहुत अहम है। हमने जनता की इस बड़ी समस्या को दूर करने के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ी और आज इसका परिणाम सबके सामने है। हमारा प्रयास रहेगा कि यह सड़क जल्द से जल्द बनकर तैयार हो और जनता को राहत मिले।”
स्थानीय लोगों ने जताई खुशी
इस सड़क के निर्माण कार्य के शुरू होने से स्थानीय नागरिकों में खुशी की लहर है। क्षेत्रीय लोगों ने विधायक जी के संघर्ष और प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि कई सालों से इस सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। अब जब विधायक जी ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से इसे मंजूरी दिलवाई, तो लोगों को उम्मीद है कि यह सड़क जल्द ही एक नए रूप में दिखेगी।
The KN News रिपोर्ट

