गाजीपुर | 27 जुलाई 2025 | रिपोर्टर:The KN News ब्यूरो
गाजीपुर जनपद के नंदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत घूमनी कमालपुर गांव में जमीन विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। शनिवार देर रात करीब 11 बजे राम बिंद (70) पर दबंगों द्वारा जानलेवा हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन घायल राम बिंद को लेकर थाने पहुँचे, जहां से पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर भेजा। इलाज के दौरान रविवार सुबह लगभग आठ बजे राम बिंद की मौत हो गई।
क्या है मामला?
घटना की जड़ गांव में स्थित एक ज़मीन के टीन शेड (छप्पर) डालने को लेकर हुए विवाद से जुड़ी है। जानकारी के अनुसार, राम बिंद और उनके परिवार का गांव के ही कुछ लोगों से जमीन पर कब्जे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। शनिवार रात इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट में राम बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों का आरोप – पुलिस ने नहीं की समय पर कार्रवाई
परिजनों का आरोप है कि वे घायल राम बिंद को लेकर रात में ही नंदगंज थाने पहुँचे, लेकिन पुलिस ने समय पर मदद नहीं की। इलाज में देरी के चलते राम बिंद की जान चली गई। इसी के विरोध में रविवार सुबह परिजन शव को लेकर थाने के गेट पर पहुंच गए और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन में उठी गिरफ्तारी की मांग
परिजनों और ग्रामीणों की मांग थी कि हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी की जाए और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई हो। प्रदर्शन के दौरान थाना परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजन आरोपी पक्ष के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे।
सीओ और एसडीएम ने की मौके पर पहुँचकर समझाइश
सूचना पर क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा सुधाकर पांडे और एसडीएम रामपुर बनारस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर प्रदर्शन समाप्त कराया और उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
पुलिस का बयान
पुलिस ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की जा चुकी है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना की रिपोर्ट मांगी है।
गांव में पसरा मातम, लोगों में आक्रोश
घटना के बाद से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस पहले ही कार्रवाई करती तो आज राम बिंद ज़िंदा होते। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
The KN News की अपील:
हम प्रशासन से मांग करते हैं कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले, दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और पुलिस की जवाबदेही तय की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं ना हों।
रिपोर्ट: द केएन न्यूज़ | गाज़ीपुर ब्यूरो
ताज़ा अपडेट्स के लिए जुड़े रहें

