Headlines

गाज़ीपुर हादसा: शव लेकर जा रही पुलिस गाड़ी में ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर, चार सिपाही घायल

गाज़ीपुर | 14 अगस्त 2025

गाज़ीपुर जिले के सैदपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर जौहरगंज के पास शव लेकर जिला मुख्यालय जा रही भुड़कुड़ा पुलिस की गाड़ी में तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो को वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रेलर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।

विवादित मौत और तनाव का माहौल

भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के डिहवा गांव निवासी संजय कुमार की पत्नी सीता (32) का सोमवार शाम इलाज के दौरान निधन हो गया था। शव को परिवार अपने घर ले गया, लेकिन आरोप है कि दोपहर में ससुराल पक्ष के लोग सीता का शव लेकर सैदपुर के जौहरगंज स्थित श्मशान घाट पहुंचे।
मृतका के मायके पक्ष को जब इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने भुड़कुड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई और पोस्टमार्टम की मांग की। मृतका की बहन गिरिजा और बेटा अजय का आरोप है कि मारपीट में सीता की रीढ़ की हड्डी टूट गई थी, जिससे उसकी मौत हुई।

पुलिस हस्तक्षेप और हादसा

तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजने लगी। शव वाहन में पुलिसकर्मी श्रीधर यादव, प्रशांत कुमार, अमित कुशवाहा और अजय कुमार सवार थे।
जौहरगंज के पास मोड़ पर गोरखपुर की ओर से वाराणसी जा रहा एक ट्रेलर तेज रफ्तार में आया और पुलिस वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी चारों सिपाही घायल हो गए।

इलाज और आगे की कार्रवाई

घायल सिपाहियों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल श्रीधर यादव और प्रशांत कुमार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
सीओ भुड़कुड़ा सुधारक पांडेय ने बताया कि ट्रेलर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Don’t miss these tips!

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *