लखनऊ | 06 अप्रैल 2025 | The KN News
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वक्फ से मुक्त कराई गई अवैध जमीनों पर प्रदेश के गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे। साथ ही, वक्फ संशोधन विधेयक के कानून बनने के बाद इन संपत्तियों की बंदरबांट पर अब पूर्ण विराम लग जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में वर्षों से वक्फ के नाम पर लाखों एकड़ भूमि पर अवैध कब्जे थे, जिनकी अब जांच कर उन्हें मुक्त कराया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि अब ये ज़मीनें माफियाओं को नहीं, बल्कि गरीबों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के हित में उपयोग की जाएंगी—जैसे कि घर, स्कूल, कॉलेज और मेडिकल कॉलेजों के निर्माण में।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
गोरखपुर और महाराजगंज में योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास के अवसर पर आयोजित जनसभा में सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने केवल अपने परिवार और चहेते माफियाओं को लाभ पहुंचाया। “गरीबों के कल्याण के नाम पर वक्फ की जमीनों को लूटा गया। अब यह नहीं चलेगा,” उन्होंने कहा।
किसानों के लिए सतर्कता के निर्देश
मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक कर फसलों को आग से बचाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “अन्नदाता सर्वोपरि हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
1640 करोड़ की परियोजनाओं का तोहफा
गोरखपुर में मुख्यमंत्री ने 1,640 करोड़ की 107 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के “विरासत और विकास के संगम” विजन ने यूपी को देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बना दिया है। अब प्रदेश माफियावाद, जातिवाद और परिवारवाद से ऊपर उठकर विकास के मार्ग पर अग्रसर है।

