Headlines

तेज प्रताप यादव पार्टी और परिवार से निकाले जाने के बाद दी तेजस्वी को बधाई, बोले- ‘बड़े पापा बनने का सौभाग्य मिला’

पटना।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और अपने परिवार से बाहर निकाले जाने के बाद तेज प्रताप यादव का पहला बयान सामने आया है। उन्होंने छोटे भाई तेजस्वी यादव को उनके पुत्र रत्न की प्राप्ति पर बधाई दी है और कहा है कि उन्हें “बड़े पापा बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ”।

हाल ही में तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बने हैं। इसी मौके पर तेज प्रताप ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी शुभकामनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा, “श्री बांके बिहारी जी के असीम कृपा व आशीर्वाद से नवजात शिशु के आगमन पर मुझे बड़े पापा बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। छोटे भाई तेजस्वी प्रसाद यादव एवं राजश्री यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भतीजे को मेरा स्नेहिल आशीर्वाद एवं शुभ प्यार।”

परिवार से बाहर, लेकिन भावना से जुड़े

तेज प्रताप यादव को उनके पिता और RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने परिवार और पार्टी दोनों से अलग कर दिया है। इस फैसले के पीछे कई राजनीतिक और व्यक्तिगत मतभेद माने जा रहे हैं, लेकिन तेज प्रताप ने अभी तक इस विषय पर कोई प्रत्यक्ष बयान नहीं दिया है। तीन दिन तक चुप्पी साधने के बाद उनका यह स्नेहपूर्ण संदेश सामने आया है।

वायरल पोस्ट ने मचाया था बवाल

24 मई को तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट सामने आया, जिसमें वह एक युवती के साथ नजर आ रहे थे। पोस्ट में दावा किया गया कि वे दोनों पिछले 12 साल से रिश्ते में हैं। इस खुलासे ने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी। लेकिन कुछ ही समय बाद यह पोस्ट डिलीट कर दी गई।

इसके बाद तेज प्रताप ने सफाई देते हुए कहा कि उनका अकाउंट हैक हो गया था। उन्होंने लिखा, “मेरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को हैक एवं मेरी तस्वीरों को गलत तरीके से एडिट कर मुझे और मेरे परिवार वालों को परेशान और बदनाम किया जा रहा है। मैं अपने शुभचिंतकों और फॉलोवर्स से अपील करता हूं कि वे सतर्क रहें और किसी भी अफ़वाह पर ध्यान न दें।”

राजनीतिक सियासत के बीच भावनात्मक संदेश

तेज प्रताप यादव का यह भावनात्मक संदेश बताता है कि राजनीतिक और पारिवारिक तनाव के बावजूद उनके मन में अपने परिवार के प्रति स्नेह बना हुआ है। भले ही वे पार्टी से बाहर हों, लेकिन अपने भतीजे के जन्म की खुशी में वे शामिल हैं।

इस बयान को कई राजनीतिक विश्लेषक तेज प्रताप की ‘सॉफ्ट पॉलिटिक्स’ के रूप में देख रहे हैं, जो शायद आने वाले समय में एक नई रणनीति का हिस्सा बन सकती है।

Don’t miss these tips!

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *