भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता, लेखक और निर्देशक मनोज कुमार का 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया। ‘भारत कुमार’ के नाम से मशहूर मनोज कुमार ने अपने करियर में कई देशभक्ति से ओत-प्रोत फिल्में बनाईं, जो आज भी दर्शकों के दिलों में बसे हुए हैं।
अंतिम संस्कार की जानकारी
मनोज कुमार का अंतिम संस्कार कल सुबह जुहू, मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट में किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारे उनके निवास स्थान पर पहुंचे और श्रद्धांजलि दी।
बॉलीवुड की श्रद्धांजलि
- शाहरुख खान ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा,
“मनोज कुमार जी ने ऐसी फिल्में बनाईं, जिन्होंने हमारे देश और हमारे सिनेमा को ऊपर उठाया और एकता पर ध्यान केंद्रित किया। उनकी फिल्मों ने एक युग को आकार दिया और हमारे सिनेमा पर अपनी छाप छोड़ी। आप हमेशा हमारे लिए ‘भारत’ रहेंगे।” - सलमान खान ने ट्वीट किया,
“मनोज कुमार जी… एक सच्चे लीजेंड। अविस्मरणीय फिल्मों और यादों के लिए धन्यवाद।” - फिल्म निर्माता साजिद खान ने कहा,
“फिल्म उद्योग का एक बहुत ही महत्वपूर्ण अध्याय समाप्त हो गया है, लेकिन यह अध्याय हमेशा हमें फिल्म निर्माण के गुर सिखाता रहेगा।” - अभिनेता प्रेम चोपड़ा ने उन्हें अपनी व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा,
“उन्होंने हर फिल्म में देशभक्ति का संदेश दिया।” - कंगना रनौत ने भी श्रद्धांजलि देते हुए कहा,
“आज भारतीय सिनेमा का एक चमकता सितारा खो गया।” - शत्रुघ्न सिन्हा ने मनोज कुमार को ‘सच्चा भारत रत्न’ बताया।
- रवीना टंडन ने कहा,
“उन्होंने मेरे पिता को पहला ब्रेक दिया था, वे मेरे परिवार के बहुत करीब थे।”
मनोज कुमार: करियर और योगदान
मनोज कुमार ने अपने करियर में कई यादगार फिल्में दीं, जिनमें ‘शहीद’, ‘उपकार’, ‘पूरब और पश्चिम’, ‘क्रांति’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’ जैसी फिल्में शामिल हैं। उन्होंने न सिर्फ अभिनय किया, बल्कि निर्देशन और लेखन में भी अपनी अमिट छाप छोड़ी।
मनोज कुमार का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने जो योगदान दिया है, वह हमेशा याद रखा जाएगा। उनकी फिल्मों के जरिए वह हमेशा जीवित रहेंगे। ओम शांति!

