गाजीपुर जिले के जंगीपुर थाना क्षेत्र स्थित मदारपुर गांव में गुरुवार रात दबंगों ने एक परिवार पर हमला कर दहशत फैला दी। जानकारी के अनुसार, रात लगभग 12 बजे से अधिक संख्या में युवक शिवधर यादव के घर पहुंचे और पत्थरबाजी शुरू कर दी। हमलावरों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।
पीड़ित परिवार ने बताया कि हमलावर घर में घुसकर बहू के बक्से से मंगलसूत्र और 20 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। जाते-जाते दबंगों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। हमले में मकान की छत पर लगी सीमेंट शीट को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है।
घटना की जड़ में पुरानी रंजिश बताई जा रही है। दरअसल, घटना से कुछ समय पहले शिवधर यादव का बेटा गोल्डेश यादव विशुनपुर पिपरही गांव में कुछ लोगों से भिड़ गया था, जिसमें उसकी पिटाई हुई थी। इसी रंजिश को लेकर यह हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पीड़ित परिवार ने पांच नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। परिवार के पास हमले से जुड़े वीडियो और सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद हैं, जो सबूत के तौर पर पुलिस को सौंपे गए हैं।
थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि मौके से दो खोखे बरामद हुए हैं, हालांकि उन्होंने हवाई फायरिंग की घटना से इनकार किया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

