गाजीपुर, यूपी।
गाजीपुर जिले में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना देवकली के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दंपती को पीछे से टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ककरही गांव निवासी हृदय सिंह यादव अपनी पत्नी पार्वती देवी (35 वर्ष) के साथ बाइक से नंदगंज जा रहे थे। जैसे ही वे सैदपुर की ओर बढ़े, तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के पीछे बैठीं पार्वती देवी ट्रेलर के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे हृदय सिंह यादव बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे की वजह से कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।
रामपुर मांझा थानाध्यक्ष बिंदु कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
The KN News

