सैदपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता सुभाष पासी के परिवार से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उनके छोटे भाई मोतीचंद पासी की बहू पूनम पासी (24 वर्ष) ने शनिवार को अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना गाजीपुर जनपद के नंदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डिहियां गांव की है।
परिवार के अनुसार पूनम का शव घर के दूसरे मंजिल पर बने कमरे में छत के पंखे से साड़ी के सहारे लटकता हुआ मिला। जब काफी समय तक पूनम नजर नहीं आई, तो परिजन उसे बुलाने उसके कमरे में पहुंचे। जैसे ही दरवाजा खोला गया, तो वहां का मंजर देख सभी के होश उड़ गए। चीख-पुकार मच गई और गांव में हड़कंप फैल गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार की शाम 4 बजे तक शव घर पर ही पड़ा था और परिजन गहरे सदमे में हैं। पूनम के आत्महत्या करने के पीछे के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
बताते चलें कि पूनम की शादी मोतीचंद पासी के पुत्र विनीत पासी से कुछ वर्ष पूर्व हुई थी। दोनों का एक 11 वर्षीय पुत्र वेद भी है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख रह चुके मोतीचंद पासी अपने परिवार के साथ पैतृक गांव डिहियां में रहते हैं, जबकि उनके बड़े भाई सुभाष पासी परिवार सहित मुंबई में निवास करते हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के पीछे के कारणों को स्पष्ट करने के लिए परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
The KN News पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करता है और मामले से जुड़ी हर अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा।

