अलीगढ़: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के अलीगढ़ आगमन पर गंगाजल भेंट करने जा रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने 19 अप्रैल की सुबह हिरासत में ले लिया। इस कार्यक्रम की अगुवाई यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संजय यादव कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने उनके घर में नजरबंद कर दिया।
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय यादव ने बताया कि “संघ प्रमुख अक्सर सनातन धर्म की बात करते हैं, लेकिन इस बार कुंभ मेले में उन्होंने स्नान नहीं किया। इसी कारण से हमने उन्हें गंगाजल भेंट करने का निर्णय लिया, ताकि वे अपने कहे अनुसार आचरण करें।”
संजय यादव को शुक्रवार रात ही सासनी गेट थाने बुलाकर बैठा लिया गया और सुबह उन्हें नजरबंद कर दिया गया। कार्यक्रम से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में ले लिया गया।
इस घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद सभी हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को दोपहर बाद रिहा कर दिया गया।
हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं में अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महासचिव व जिला उपाध्यक्ष सागर सिंह तोमर, जिला महामंत्री कैलाश गौतम, अनुसूचित जाति विभाग के महानगर अध्यक्ष शीलू चंदेल, पूर्व पार्षद बिजेंद्र सिंह बघेल, संदीप शर्मा, रविंद्र कुमार, अर्पित यादव, गोलू यादव, अमित शर्मा, प्रतीक चौहान और कृष्णा आदि शामिल थे।
यह घटना अलीगढ़ में राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी रही और कांग्रेस तथा आरएसएस के बीच वैचारिक मतभेदों को एक बार फिर उजागर कर गई।

