पहलगाम आतंकी हमले के बाद घाटी में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बडगाम जिले से दो आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन दोनों पर सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम (PSA) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ताहिर अहमद और शब्बीर अहमद गनई के रूप में हुई है। खुफिया सूत्रों के अनुसार, ये दोनों इलाके में सक्रिय आतंकी संगठनों को आश्रय, रसद और अन्य सहायता प्रदान कर रहे थे।
63 ठिकानों पर छापेमारी, 1,500 से अधिक हिरासत में
हमले के बाद घाटी में 63 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई है। अकेले अनंतनाग से ही 175 से ज्यादा संदिग्धों को पकड़ा गया है। श्रीनगर, बडगाम, और अन्य जिलों में भी आतंकियों व उनके सहयोगियों के खिलाफ सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई की है।
आतंकी सहयोगियों के मकान किए गए ध्वस्त
बांदीपोरा में आतंकी जमील अहमद शीर गोजरी के दो मंजिला मकान को रविवार सुबह सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया। जमील 2016 से आतंकी गतिविधियों में संलिप्त था। वहीं, लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर शाहिद अहमद कुट्टे समेत कई आतंकियों के घर भी बुलडोजर से ढहाए गए हैं।
कुपवाड़ा में हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
कुपवाड़ा जिले के मच्छिल सेक्टर में संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एक आतंकी ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। इनमें पांच एके-47 राइफलें, एक पिस्तौल, अमेरिकी एम-4 कार्बाइन राइफल की 50 गोलियां, एके-47 की 660 गोलियां और मैगजीन शामिल हैं। यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि घुसपैठ कर रहे आतंकी स्नाइपर हथियारों से लैस हैं।
हीरानगर में चार संदिग्ध देखे जाने पर तलाशी अभियान
कठुआ जिले के हीरानगर क्षेत्र के छन्न अरोड़ियां गांव में चार संदिग्ध व्यक्तियों को देखे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया। ड्रोन से निगरानी और पैदल तलाशी के साथ पूरे क्षेत्र को खंगाला गया। चश्मदीद महिला शोभा देवी ने बताया कि वह खेत में काम कर रही थीं, जब उन्होंने आम के पेड़ के नीचे चार संदिग्धों को देखा।
घाटी में 14 स्थानीय आतंकियों की सूची जारी
सुरक्षा एजेंसियों ने कश्मीर में सक्रिय 14 स्थानीय आतंकियों की सूची जारी की है, जिनमें से तीन हिजबुल मुजाहिदीन, आठ लश्कर-ए-तैयबा और तीन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं। ये आतंकी पाकिस्तानी आतंकियों को रसद, पनाह और सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

