नई दिल्ली, 7 मई 2025 – जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए वीभत्स आतंकी हमले का जवाब देते हुए भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर “ऑपरेशन सिंदूर” को अंजाम दिया। भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना की एक संयुक्त कार्रवाई में इन ठिकानों को सटीकता से नष्ट किया गया।
तीन सेनाओं की संयुक्त कार्यवाही
भारतीय सेना के कर्नल सोफिया कुरैशी और वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने मीडिया को बताया कि यह कार्रवाई 1:05 AM से 1:30 AM के बीच की गई। हमला एलओसी से 30 किलोमीटर दूर मुजफ्फराबाद के सवाईनाला कैंप जैसे आतंकी ट्रेनिंग सेंटर्स पर किया गया। इन ठिकानों का इस्तेमाल लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों द्वारा आतंकी ट्रेनिंग और भारत विरोधी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
पीएम मोदी ने रद्द किया यूरोपीय दौरा
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्वे, क्रोएशिया और नीदरलैंड का दौरा रद्द कर दिया। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ पीएम मोदी ने कैबिनेट की सुरक्षा समिति (CCS) की आपात बैठक की, जिसमें हालात की समीक्षा की गई।
‘रेजिस्टेंस फ्रंट’ और पाकिस्तानी कनेक्शन की पुष्टि
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जानकारी दी कि पहलगाम हमले की जिम्मेदारी ‘रेजिस्टेंस फ्रंट’ नामक आतंकी समूह ने ली है, जो लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की भूमिका का पर्दाफाश करते हुए इस हमले को प्रायोजित करने के सबूत भी साझा किए।
वीडियो प्रेजेंटेशन से आतंक का खुलासा
प्रेस ब्रीफिंग में एक वीडियो के माध्यम से संसद हमले, मुंबई हमला, पुलवामा और पहलगाम हमले जैसे घटनाक्रमों की जानकारी दी गई, जिनमें पाकिस्तान का हाथ रहा है। ऑपरेशन सिंदूर को भारत ने आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई बताया है।
पीड़ितों को न्याय और देश को संदेश
कर्नल कुरैशी ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर उन तीर्थयात्रियों और निर्दोष नागरिकों को न्याय दिलाने का प्रयास है, जो पहलगाम में आतंकी हिंसा का शिकार हुए थे।” भारतीय सेना ने कार्रवाई में यह सुनिश्चित किया कि किसी आम नागरिक को नुकसान न हो।
🕊 जय हिंद! भारत आतंक के विरुद्ध खड़ा है।

