गाज़ीपुर। सांसद अफजाल अंसारी के सांसद निधि के अंतर्गत ग्राम प्रधानों की उम्मीदें लगातार बनी हुई हैं। बताया जा रहा है कि अपने पिछले कार्यकाल के अंतिम दिनों में सांसद अफजाल अंसारी ने लगभग 100 ग्राम प्रधानों के प्रस्तावों को सांसद निधि से पंचायतों में विकास कार्य कराने हेतु जिलाधिकारी के पास भेजा था।
हालांकि, उस समय के जिलाधिकारी आयुष आकौरी ने तकनीकी खामियों का हवाला देकर इन प्रस्तावों को खारिज कर दिया था। इस निर्णय के बाद से कई ग्राम प्रधानों में निराशा देखने को मिली। फिर भी, उन्होंने तन-मन-धन से सांसद अफजाल अंसारी का समर्थन करते हुए प्रचार में हिस्सा लिया। परिणामस्वरूप, सांसद जी ने करीब सवा लाख मतों से चुनाव जीत हासिल की।
चुनाव जीतने के एक वर्ष बाद भी जब सांसद निधि से ग्राम प्रधानों को कोई सहयोग नहीं मिला, तो उनमें मायूसी और नाराजगी बढ़ती गई है। एक ग्राम प्रधान, जिन्होंने नाम न छापने की शर्त पर अपनी बात कही, ने बताया कि सांसद जी का कार्यकाल अब लगभग पूरा होने वाला है, और हम सब का चुनाव भी निकट है।
“अगर हमें सांसद निधि मिल जाती, तो गांव का विकास होता और हम लोग जनता के बीच उस कार्य को दिखाकर वापस समर्थन मांग सकते,” उन्होंने कहा।
अब ग्राम प्रधानों की नजरें सांसद निधि की ओर टिकी हैं, जिससे वे गांवों में लंबित विकास योजनाओं को मूर्त रूप दे सकें।

