लखनऊ, 11 मई 2025 | द केएन न्यूज ब्यूरो
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि यह समस्या तब तक नहीं सुलझेगी जब तक इसे पूरी तरह कुचल नहीं दिया जाता। उन्होंने आतंकवाद की तुलना ‘कुत्ते की पूंछ’ से करते हुए कहा कि वह कभी सीधी नहीं होती और उसे केवल उसकी ही भाषा में जवाब देना होगा।
यह बयान मुख्यमंत्री ने लखनऊ में ब्रह्मोस एयरोस्पेस इंटीग्रेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी के उद्घाटन अवसर पर दिया। इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि “भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से यह स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद को जवाब देने के लिए अब हमारी नीति बदल चुकी है। आतंकवाद अब युद्ध जैसी स्थिति मानी जाएगी।”
पाकिस्तान को चेतावनी, ब्रह्मोस का नाम लेकर किया प्रहार
मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अगर कोई ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत को नहीं समझता तो पाकिस्तान से पूछ ले। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस मिसाइल का पराक्रम पूरी दुनिया ने देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देने की नीति को अपनाया है।”
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने सीएम योगी के साथ मिलकर ब्रह्मोस यूनिट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ‘ब्रह्मांड’ नामक एक पुस्तक का भी विमोचन हुआ।
उत्तर प्रदेश बनेगा रक्षा उत्पादन का हब
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब रक्षा उत्पादन में देश की आत्मनिर्भरता का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने बताया कि लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, झांसी और चित्रकूट को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के नोड्स के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “हमारे पास 2013-14 के मुकाबले अब कई सौ गुना अधिक रक्षा उत्पादन और निर्यात हो रहा है। आज यूपी में व्यक्ति भी सुरक्षित है और पूंजी भी।”
30,000 करोड़ के निवेश और 60,000 युवाओं को रोजगार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अब तक डिफेंस सेक्टर में 57 एमओयू हो चुके हैं जिनसे लगभग 30,000 करोड़ रुपये का निवेश आ रहा है और करीब 60,000 युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने पीटीसी, ब्रह्मोस, डीआरडीओ और अन्य रक्षा कंपनियों को धन्यवाद दिया कि वे स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार दे रहे हैं।
सुरक्षा और औद्योगिक नीतियों में बड़ा बदलाव
सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में निवेश का माहौल नहीं था, क्योंकि न तो पॉलिसी थी और न ही सुरक्षा की गारंटी। लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। आज यूपी न केवल निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य है, बल्कि भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, सांसद ब्रजलाल, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह और डीआरडीओ व ब्रह्मोस एयरोस्पेस के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

