Headlines

गाजीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: डंफर की चपेट में आने से युवक की मौत, ग्रामीणों में उबाल

गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के लीलापुर गांव के पास बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार डंफर ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को कुचल दिया।

घटना में लीलापुर निवासी लक्की निषाद पुत्र इंद्रजीत निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लक्की किसी जरूरी कार्य से घर से निकला था, लेकिन किसे पता था कि यह उसका अंतिम सफर बन जाएगा। उसका साथी कृष्णा निषाद पुत्र रामावतार निषाद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने डंफर को आग के हवाले कर दिया और मौके पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जमानियां पुल पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित है, तो फिर ट्रक और डंफर कैसे बेरोकटोक गुजर रहे हैं?

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस और परिवहन विभाग की मिलीभगत के चलते भारी वाहन प्रतिबंधित मार्गों से लगातार गुजर रहे हैं, जिससे आमजन की जान जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने कहा कि लकी निषाद और कृष्णा निषाद इस भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए हैं — यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे हादसे भविष्य में भी दोहराए जा सकते हैं।

ग्रामीणों ने मांग की है कि करंडा थाना और जमानियां कोतवाली के जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, और सभी दोषियों को तत्काल बर्खास्त किया जाए।

प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की, और जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Don’t miss these tips!

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *