रिपोर्ट: The KN News डेस्क
प्रकाशन तिथि: 19 मई 2025
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। इस बार टिकट वितरण सिर्फ वरिष्ठता या संगठन से जुड़ाव के आधार पर नहीं, बल्कि विधायकों के कामकाज और जनछवि के सटीक मूल्यांकन पर आधारित होगा। पार्टी ने तय किया है कि सभी मौजूदा विधायकों का व्यापक ऑडिट किया जाएगा और उसके आधार पर ही चुनावी टिकट तय किए जाएंगे।
जनता की कसौटी पर कसेंगे विधायक
सूत्रों के अनुसार, पार्टी का शीर्ष नेतृत्व चाहता है कि 2027 में कोई भी कमजोर या नकारात्मक छवि वाला उम्मीदवार चुनाव मैदान में न उतरे। इसीलिए विधायकों के कार्य प्रदर्शन और जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता का गहन सर्वेक्षण शुरू कर दिया गया है। यह सर्वे पूरी तरह गोपनीय तरीके से हो रहा है, जिसमें कई एजेंसियां काम में जुट चुकी हैं।
सर्वे रिपोर्ट जाएगी शीर्ष नेतृत्व के पास
सरकार की ओर से जिन एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे विधायकों की ग्राउंड पर छवि, विकास कार्यों की स्थिति, जनता के साथ संवाद, और समस्याओं के समाधान की गंभीरता जैसे बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार कर रही हैं। यह रिपोर्ट सीधे भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी जाएगी, जहां से अंतिम निर्णय होगा कि किस विधायक को दोबारा मौका मिलेगा और किसका टिकट कटेगा।
तीन श्रेणियों में किया जाएगा वर्गीकरण
भाजपा ने विधायकों के मूल्यांकन के लिए तीन श्रेणियां तय की हैं –
- ए श्रेणी: उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विधायक
- बी श्रेणी: औसत प्रदर्शन वाले
- सी श्रेणी: कमजोर और असंतोषजनक छवि वाले विधायक
हर विधायक को अंक प्रणाली के तहत आंका जाएगा और उसके प्रदर्शन के अनुसार ही उनकी श्रेणी तय होगी। ए श्रेणी के विधायकों को प्राथमिकता दी जाएगी जबकि सी श्रेणी वालों को टिकट मिलने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।
किन बिंदुओं पर होगा ऑडिट?
- पहली और दूसरी बार के विधायकों का प्रदर्शन
- क्षेत्रीय विकास निधि का उपयोग
- जनसमस्याओं के समाधान में सक्रियता
- पिछली जीत का अंतर और प्रतिद्वंदी की ताकत
- जनता की नजर में विधायक की छवि
- आगामी चुनाव जीतने की संभाव्यता
सामाजिक और विपक्षी समीकरण भी होंगे शामिल
भाजपा सिर्फ अपने विधायकों का ही मूल्यांकन नहीं कर रही, बल्कि प्रदेश के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को भी विश्लेषण में शामिल किया जा रहा है। जातिगत समीकरण, विपक्षी दलों की पकड़, और क्षेत्रीय राजनीतिक धाराओं पर भी नजर रखी जा रही है। सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के लिए विशिष्ट रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
टिकट के लिए अग्निपरीक्षा
इस सर्वे और ऑडिट प्रक्रिया से साफ हो गया है कि आगामी चुनाव में भाजपा के मौजूदा विधायकों को सिर्फ पार्टी निष्ठा से टिकट नहीं मिलेगा। उन्हें “जनता के बीच स्वीकार्यता और जमीनी कार्य” के आधार पर अग्निपरीक्षा से गुजरना होगा। पार्टी प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतना चाहती।
भाजपा की यह रणनीति साफ दर्शाती है कि पार्टी अब ‘परफॉर्मेंस आधारित राजनीति’ को प्राथमिकता दे रही है। इससे एक ओर कार्यकर्ताओं और विधायकों में जवाबदेही की भावना बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर जनता को भी लगेगा कि उनके मत का मूल्यांकन वास्तव में हो रहा है। आने वाले महीनों में भाजपा की यह ‘ऑडिट नीति’ उत्तर प्रदेश की राजनीतिक फिजा को काफी हद तक प्रभावित कर सकती है।
आप क्या सोचते हैं? क्या भाजपा की यह रणनीति टिकट वितरण को पारदर्शी बनाएगी? अपनी राय हमें कमेंट में बताएं।
अधिक खबरों के लिए जुड़ें The KN News के साथ।

