गाजीपुर | The KN News
गाजीपुर जिले के जखनियां तहसील क्षेत्र की हालत बद से बदतर होती जा रही है। बरसात के मौसम में यहाँ की सड़कें दलदल और तालाब में तब्दील हो चुकी हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जखनियां के सामने सड़क पर घुटनों तक पानी भरा रहता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल तक पहुंचने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत जखनियां विधायक बेदी राम से वर्षों से की जाती रही है, लेकिन विधायक जी बार-बार आश्वासन देकर जनता को गुमराह करते रहे हैं। सड़कों की हालत जस की तस बनी हुई है।
अस्पताल में विधायक का ‘भौकाल’
गुरुवार को हालात उस समय बिगड़ गए जब विधायक बेदी राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच के नाम पर पहुंचे। अस्पताल की खस्ताहाल स्थिति और सड़क पर पानी भरे होने की शिकायतों पर कोई ध्यान न देने के बजाय विधायक ने अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर योगेन्द्र यादव पर ही फटकार कस दी।
आरोप है कि विधायक ने डॉक्टर के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गुस्से में आकर उनकी बीपी मशीन और टेबल का शीशा भी तोड़ दिया। इस दौरान स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि भयभीत डॉक्टर योगेन्द्र यादव अपनी कुर्सी छोड़कर बाहर चले गए।
दो दशक पुरानी घटना की याद ताज़ा
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि अगर विधायक ऐसे ही दबाव और दुर्व्यवहार करेंगे तो यहां से डॉक्टर भी सेवा छोड़कर चले जाएंगे। लोगों ने यह भी याद दिलाया कि करीब 20 साल पहले इसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एक सरकारी डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस घटना के बाद लंबे समय तक यहां कोई डॉक्टर आने को तैयार नहीं हुआ था, जिसका खामियाजा क्षेत्र की आम जनता को भुगतना पड़ा।
“कम से कम डॉक्टर तो हैं”
मौजूदा समय में डॉक्टर योगेन्द्र यादव 24 घंटे उपलब्ध रहते हैं और किसी भी आपात स्थिति में मरीजों की सेवा करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विधायक जी डॉक्टरों को इस तरह डांट-फटकार और धमकाते रहेंगे तो डॉक्टर भी यहां से चले जाएंगे और जनता फिर से स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में परेशान होगी।
जनता का सवाल – सड़क कब बनेगी?
स्थानीय नागरिकों ने विधायक से सीधा सवाल किया है कि “माननीय जी, पहले तो सड़क बनवा दीजिए ताकि मरीज अस्पताल तक सुरक्षित पहुंच सके।” जनता का आरोप है कि विधायक जी वर्षों से सड़क और अस्पताल की समस्याओं को नजरअंदाज कर केवल दिखावे की राजनीति कर रहे हैं।
👉 The KN News की मांग: प्रशासन को चाहिए कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराए। सड़क और अस्पताल की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाए ताकि जनता को राहत मिल सके।

