गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में पार्टी ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। यह ज्ञापन भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ की गई अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी पर विरोध जताने के लिए दिया गया। समाजवादी पार्टी ने अमित शाह से माफी मांगने और उन्हें उनके पद से हटाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने इस मुद्दे पर अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान समाजवादी पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि अमित शाह इस विवादित बयान के लिए तत्काल माफी नहीं मांगते तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक जनआंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की यह टिप्पणी देश के पिछड़े और दलित वर्ग को निशाना बनाने वाली मानसिकता को उजागर करती है।
गोपाल यादव ने कहा कि भाजपा बाबा साहेब के संविधान को नकार रही है और अपने मन-माने संविधान को देश पर थोपने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अमित शाह की टिप्पणी से देश के पिछड़े, दलितों और अंबेडकर के अनुयायियों को गहरा आघात पहुंचा है। यादव ने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा के मन में हमेशा से ही पिछड़े और दलितों के प्रति नफरत और विद्वेष भरा रहा है।
इस अवसर पर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने भी अपनी बात रखी और कहा कि डॉ. अंबेडकर गरीबों, पिछड़ों और दलितों के मसीहा थे। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार अभिव्यक्ति की आजादी को कुचलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने भाजपा पर जनता के बुनियादी सवालों से ध्यान भटकाने के लिए अनाप-शनाप बयानबाजी करने का आरोप भी लगाया।
विधायक जैकिशन साहू ने भी अमित शाह की टिप्पणी को न केवल डॉ. अंबेडकर का अपमान, बल्कि देश के संविधान का भी अपमान करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा नकारात्मक राजनीति कर रही है, जो देश की प्रगति के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने यह भी चेतावनी दी कि यदि भाजपा और अमित शाह अपने बयान को लेकर माफी नहीं मांगते, तो पार्टी इस मुद्दे पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेगी।

