अयोध्या, 6 अप्रैल 2025
रामनवमी के पावन अवसर पर अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद पहली बार राम मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। यह उनकी पहली यात्रा थी मंदिर में, प्राण प्रतिष्ठा के ऐतिहासिक आयोजन के बाद। उन्होंने दर्शन के बाद कहा, “मैं राम की कृपा से ही सांसद बना हूं। मेरे जीवन, मेरे नाम और मेरे परिवार में राम समाए हुए हैं।”
अवधेश प्रसाद ने खास बातचीत में बताया कि उनका प्रभु श्रीराम से रिश्ता बहुत पुराना है। “जब मैं यहां पढ़ाई करता था, तभी से इस मंदिर में दर्शन के लिए आता रहा हूं। मेरे बाबा, पिता और भाई – सबके नामों में राम शामिल है। ये मेरे लिए गर्व की बात है कि मेरा जन्म भी इसी पावन नगरी में हुआ।”
राम मंदिर में पहुंचने के दौरान उन्होंने श्रद्धा से भगवान श्रीराम के दर्शन किए और अपने संसदीय कार्यों के लिए आशीर्वाद भी मांगा। इस मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में मौजूद रही। रामनगरी को रामनवमी पर भव्य रूप से सजाया गया है, और पूरे क्षेत्र में पर्व का उल्लास देखने को मिल रहा है।
सांसद ने यह भी कहा कि राम मंदिर सिर्फ धार्मिक ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे इस धरोहर को अपनी आस्था और एकता का केंद्र बनाएं।

