बलरामपुर।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बलरामपुर पहुंचे। यहां उन्होंने देवीपाटन मंदिर में पूजा-अर्चना की और गोशाला में गायों को चना, गुड़ और रोटियां खिलाकर गोसेवा की। श्रद्धालुओं और बच्चों से मुलाकात के बाद सीएम ने मंच से संबोधन किया और बरेली बवाल को लेकर 24 घंटे में तीसरी बार दंगाइयों को सख्त चेतावनी दी।
योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा कि “उत्तर प्रदेश में अराजकता और दंगा फैलाने वालों को जहन्नुम का टिकट दूंगा। गजवा-ए-हिंद की कल्पना करने वालों को नरक का टिकट मिलेगा। भारत की धरती महान आत्माओं की भूमि है, यहां राष्ट्रविरोधी सपने कभी पूरे नहीं होंगे।”
छांगुर को बताया कालनेमि राक्षस
अपने भाषण में सीएम योगी ने विपक्षी दलों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के अराजक तत्व प्रदेश के माहौल को बिगाड़ने में लगे हैं। बरेली की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने छांगुर की तुलना कालनेमि राक्षस से की और कहा कि “विकास में बाधा डालने वाले राक्षसों का विनाश निश्चित है।”
“भारत में नहीं चलेगा गजवा-ए-हिंद”
सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग भारत में रहते हुए भी गजवा-ए-हिंद के नारे लगाकर समाज में जहर घोलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, “गजवा-ए-हिंद का सपना देखना भी नरक का टिकट होगा। जो भी ऐसे राष्ट्रविरोधी कामों में लिप्त हैं, उन्हें छांगुर के अंजाम से सबक लेना चाहिए।”
आस्था का अपमान नहीं बर्दाश्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी, “आस्था कोई चौराहे पर दिखाने की चीज नहीं है। ऐसे मूर्खों को वैसे ही पीटा जाएगा जैसे बरेली में पीटा गया।”
“बच्चों की जिंदगी बर्बाद करने पर आमादा कुछ लोग”
सीएम ने कहा कि कुछ लोग छोटे-छोटे बच्चों को ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर पकड़ाकर समाज में अराजकता फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि “इनकी अपनी जिंदगी तो बर्बाद हो चुकी है, लेकिन अब ये बच्चों को भी बर्बाद करने पर तुले हैं। सरकार ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं करेगी। जो कोई कानून हाथ में लेगा, उसे नरक का टिकट मिलेगा।”
पूजा-अर्चना और गोसेवा
इससे पहले सीएम ने देवीपाटन मंदिर में मां पाटेश्वरी के दर्शन कर पांव पखारे और आरती की। इसके बाद गोशाला में जाकर गायों को चना, गुड़ और रोटियां खिलाईं। उन्होंने श्रद्धालुओं से भेंट की और बच्चों को टाफियां वितरित कीं।
मंदिर परिसर में महंत मिथिलेश नाथ योगी और कालीबाड़ी मंदिर गोरखपुर के महंत रवींद्र दास सहित कई संत मौजूद रहे। सीएम ने रात को मंदिर में ही विश्राम भी किया।
826 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
धूधुलपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 826 करोड़ रुपये की 124 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज का उद्घाटन भी शामिल है। इस मौके पर उन्होंने 2047 में विकसित भारत के निर्माण के लिए जनता से सुझाव मांगे और प्रदेशवासियों को योजनाओं की जानकारी दी।
👉 यह दौरा और संबोधन स्पष्ट संकेत देता है कि सीएम योगी आदित्यनाथ प्रदेश में दंगाइयों और अराजक तत्वों पर और कड़े तेवर अपनाने के मूड में हैं।

