Headlines

IPL 2025 स्थगित: भारत-पाक तनाव के बीच BCCI का बड़ा फैसला, क्रिकेट प्रेमियों को तगड़ा झटका

The KN News | नई दिल्ली | 09 मई 2025

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा फैसला लेते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। इस निर्णय से न सिर्फ करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को झटका लगा है, बल्कि खिलाड़ियों, फ्रेंचाइज़ियों और प्रसारणकर्ताओं पर भी इसका गहरा असर पड़ा है।

युद्ध के साए में क्रिकेट नहीं: BCCI

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, “जब देश युद्ध के हालात का सामना कर रहा हो, तब क्रिकेट का आयोजन करना उचित नहीं है। हम राष्ट्रीय सुरक्षा और जनता की भावनाओं को सर्वोपरि मानते हैं।”

इससे पहले आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने गुरुवार को संकेत दिया था कि टूर्नामेंट जारी रहेगा, लेकिन शुक्रवार सुबह स्थिति ने नया मोड़ ले लिया। बोर्ड ने आपात बैठक में सत्र को स्थगित करने का निर्णय लिया।

आईपीएल 2025 अंतिम चरण में था

आईपीएल का यह 18वां संस्करण अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका था। अब तक लीग के अधिकांश मैच खेले जा चुके थे और सिर्फ 16 मुकाबले, जिनमें प्लेऑफ और फाइनल शामिल थे, बाकी रह गए थे। फाइनल मुकाबला 25 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में प्रस्तावित था।

धर्मशाला मैच रद्द, संशय की शुरुआत

गुरुवार को धर्मशाला में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाला मुकाबला फ्लड लाइट्स में तकनीकी खराबी के चलते रद्द कर दिया गया था। हालांकि इसके बाद से ही आईपीएल के भविष्य को लेकर अटकलें शुरू हो गई थीं।

भारत-पाक सीमा पर बढ़ा तनाव

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान में किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने सीमा पार बौखलाहट फैला दी। गुरुवार रात पाकिस्तान की ओर से भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की गई, जिसे भारतीय सेना ने विफल कर दिया। जवाबी कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तान के चार लड़ाकू विमान मार गिराए और उनके पायलटों को हिरासत में लिया।

इसके बाद भारतीय वायुसेना, थलसेना और नौसेना ने एकजुट होकर पाकिस्तान के प्रमुख शहरों — लाहौर, इस्लामाबाद, सियालकोट, पेशावर, आदि पर जवाबी कार्रवाई की।

अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और ऑस्ट्रेलिया की चिंता

इस संकटपूर्ण स्थिति पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि वे भारत-पाकिस्तान के हालात पर करीबी नजर रखे हुए हैं और अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए बीसीसीआई, पीसीबी व सरकारों से लगातार संपर्क में हैं।


बीसीसीआई का यह फैसला राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देने की मिसाल है। हालांकि आईपीएल के स्थगन से आर्थिक और खेल जगत में असर पड़ेगा, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में यह निर्णय अपरिहार्य था। अब निगाहें इस बात पर हैं कि हालात कब तक सामान्य होते हैं और क्या आईपीएल 2025 का शेष भाग भविष्य में फिर से आयोजित किया जाएगा।

Don’t miss these tips!

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *