नई दिल्ली/आदमपुर | 13 मई 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार सुबह पंजाब के आदमपुर एयरबेस का दौरा किया। यह दौरा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद हुआ, जिसमें भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और उसके संरक्षण में पल रहे आतंकियों को करारा जवाब दिया था। पीएम मोदी ने एयरफोर्स के जवानों से मुलाकात की और उनके साहस को नमन किया।
पाकिस्तान के झूठ का पर्दाफाश
हाल ही में पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने सिरसा और आदमपुर जैसे भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इस दावे को भारत ने पूरी तरह खारिज कर दिया था। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने 11 मई को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसे ‘झूठा और निराधार’ बताया और साक्ष्य सहित तस्वीरें जारी कीं, जिनमें दिखाया गया कि दोनों ठिकाने पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं।
प्रधानमंत्री का यह दौरा उसी के जवाब में देखा जा रहा है, जिससे यह साफ संकेत गया कि भारत न केवल जमीनी स्तर पर तैयार है, बल्कि मनोवैज्ञानिक युद्ध में भी आगे है।
प्रधानमंत्री ने साझा की तस्वीरें
पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर इस दौरे की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा:
“आज सुबह मैं वायुसेना स्टेशन आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं और सैनिकों से मिला। साहस, दृढ़ संकल्प और निडरता के प्रतीक लोगों के साथ रहना एक बहुत ही विशेष अनुभव था। भारत हमारे सशस्त्र बलों के प्रति हमेशा आभारी है।”
तस्वीरों में एक भारतीय लड़ाकू विमान के सामने पीएम मोदी खड़े दिखे, जिसमें एक पोस्टर भी नज़र आया:
“क्यों दुश्मनों के पायलट ठीक से सो नहीं पाते?”
यह संदेश भारत की रक्षा शक्ति और मनोबल को दर्शाता है।
ऑपरेशन सिंदूर: भारत का सधा हुआ प्रहार
इस अभियान को लेकर अब तक मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय वायुसेना ने आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाते हुए सीमित और सटीक कार्रवाई की थी। पाकिस्तान को अंदेशा था कि भारत केवल मॉक ड्रिल कर रहा है, लेकिन भारत ने पर्दे के पीछे असली कार्रवाई की तैयारी कर रखी थी।

