बिहार की राजनीति में उस वक्त हलचल मच गई जब राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय ने लालू परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने इस पूरे विवाद को “चुनावी ड्रामा” करार देते हुए कहा कि उनकी जिंदगी को बर्बाद किया गया है और अब इसे सियासी मोड़ दिया जा रहा है।
तेज प्रताप यादव की सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों के बाद शुरू हुए विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। ऐश्वर्या राय ने मीडिया से बातचीत में कहा,
“मुझे क्यों पीटा गया? मेरी ज़िंदगी क्यों तबाह की गई? अब अचानक उनमें सामाजिक जागरूकता आ गई है? ये सब चुनाव के मद्देनज़र किया गया नाटक है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तेज प्रताप का 12 साल से किसी महिला के साथ संबंध था और अब जब यह बात सामने आई है, तो मुझे ही दोषी ठहराया जा रहा है।
“जब मुझे मारा गया, तब इनका सामाजिक न्याय कहाँ था? मुझे तलाक की जानकारी भी मीडिया से मिली। हर बार मुझ पर ही दोष मढ़ा गया। अब मैं चुप नहीं बैठूंगी। मैं अपनी लड़ाई जारी रखूंगी,” उन्होंने कहा।
इस पूरे विवाद के बीच, लालू यादव ने रविवार को तेज प्रताप को राजद से 6 वर्षों के लिए निष्कासित करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप का आचरण पार्टी और परिवार के मूल्यों के खिलाफ है।
“अब से तेज प्रताप का कोई संबंध न पार्टी से होगा, न परिवार से। वे अब अपने जीवन के फैसले स्वयं लें,” लालू ने स्पष्ट किया।
तेजस्वी यादव ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें तेज प्रताप की हालिया गतिविधियाँ पसंद नहीं हैं और वह इस तरह की चीज़ों को समर्थन नहीं देते।
“राजनीतिक और निजी जीवन को अलग रखना चाहिए। मैं जनता के साथ हूँ और उनके मुद्दों को उठाता रहूंगा,” तेजस्वी ने कहा।
यह विवाद ऐसे समय पर सामने आया है जब बिहार में चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। राजनीतिक विश्लेषक इस घटनाक्रम को राजद की छवि सुधारने की रणनीति के रूप में देख रहे हैं। वहीं, ऐश्वर्या राय के आरोपों ने लालू परिवार को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि तेज प्रताप इस पूरे मामले पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और क्या ऐश्वर्या राय आगे और खुलासे करेंगी।
(The KN NEWS डेस्क)

