Headlines

गाजीपुर: मुख्तार अंसारी के बैंक खाते में जमा आफ्शा के 25.52 लाख रुपये जब्त, 50 हजार की इनामी की तलाश जारी

उत्तर प्रदेश के गैंगस्टर मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शा अंसारी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। गाजीपुर पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आफ्शा द्वारा मुख्तार के लखनऊ स्थित बैंक खाते में जमा 25 लाख 52 हजार रुपये को जब्त कर लिया।

गौरतलब है कि आफ्शा अंसारी पर पहले से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है और वो फरार चल रही हैं। पुलिस उनकी लोकेशन ट्रेस करने में लगातार जुटी हुई है।

सीओ सिटी शेखर सेंगर के अनुसार, मुख्तार अंसारी का बैंक खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, यूपी सिविल सचिवालय, लखनऊ में है। गाजीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल पांडेय को इस खाते में संदिग्ध तरीके से बड़ी रकम समायोजित किए जाने की सूचना मिली थी।

बिना देर किए संबंधित बैंक अधिकारियों से संपर्क कर समन्वय स्थापित किया गया और खाते में जमा 25.52 लाख रुपये को तुरंत जब्त कर लिया गया।

यह पहली बार नहीं है जब आफ्शा अंसारी के वित्तीय लेन-देन पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। इससे पहले 16 जून को पुलिस ने आफ्शा के बैंक खाते से 8 लाख 91 हजार 268 रुपये जब्त किए थे और 20 जून को उनके बैंक लॉकर को भी सील किया गया था।

पुलिस को शक है कि ये सभी पैसे अवैध गतिविधियों से जुड़े हैं और मुख्तार अंसारी की गैंग IS-191 के आर्थिक नेटवर्क को मजबूत करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे।

गाजीपुर पुलिस ने आफ्शा की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया हुआ है। कई टीमें बनाई गई हैं और सीओ को इस पूरे ऑपरेशन की मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आफ्शा अंसारी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई तेज की जाएगी। साथ ही, उनके अन्य वित्तीय दस्तावेजों और ट्रांजेक्शन की भी जांच की जा रही है।

मुख्तार अंसारी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और अब उनकी पत्नी आफ्शा भी पुलिस रडार पर हैं। आर्थिक मोर्चे पर की गई यह कार्रवाई प्रशासन की सख्ती और पारदर्शिता का संकेत देती है।

Don’t miss these tips!

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *