मेरठ | 23 जुलाई 2025
गुजरात एटीएस (ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अलकायदा के भारतीय नेटवर्क से जुड़े चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक युवक का संबंध उत्तर प्रदेश के मेरठ से भी बताया जा रहा है। बाकी आरोपियों को दिल्ली, नोएडा और गुजरात से पकड़ा गया है।
गिरफ्तारी मंगलवार देर रात एक गुप्त ऑपरेशन के तहत की गई। एजेंसियों को इन युवकों के सोशल मीडिया पर देशविरोधी और भड़काऊ पोस्ट मिले थे, जिसके बाद उन पर निगरानी रखी जा रही थी।
गिरफ्तार किए गए चारों संदिग्धों की पहचान इस प्रकार है:
- मोहम्मद फैक – निवासी दिल्ली
- मोहम्मद फरदीन – निवासी अहमदाबाद, गुजरात
- सेफुल्ला कुरेशी – निवासी मोडासा, गुजरात
- जीशान अली – निवासी नोएडा, लेकिन मूल रूप से मेरठ का रहने वाला बताया गया है
एटीएस के अनुसार, यह सभी आरोपी अलकायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़े हुए हैं और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे। इनकी गिरफ्तारी के बाद अब एजेंसियां इनके नेटवर्क, संपर्कों और योजनाओं की गहराई से जांच कर रही हैं।
मेरठ कनेक्शन की जांच
गिरफ्तार आरोपी जीशान अली के मेरठ से जुड़े होने की बात सामने आई है, हालांकि स्थानीय पुलिस और एजेंसियों से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। माना जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से NCR क्षेत्र में सक्रिय था।
ATS की कार्रवाई और अलर्ट
ATS DIG सुनील जोशी ने बताया कि इस कार्रवाई से एक बड़ा आतंकी नेटवर्क उजागर हुआ है और इससे देश में किसी बड़ी घटना की आशंका को समय रहते टाल दिया गया। जल्द ही इस पूरे मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी।
क्या है AQIS?
AQIS यानी Al-Qaeda in the Indian Subcontinent, अलकायदा का भारतीय शाखा है जो दक्षिण एशियाई देशों में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए बनाई गई थी। यह संगठन युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करता है और उन्हें देशविरोधी कामों के लिए इस्तेमाल करता है।
The KN News की अपील:
अगर आपके आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति नजर आता है, तो तुरंत स्थानीय पुलिस या खुफिया एजेंसियों को सूचना दें।

