न्यूज डेस्क, The KN News
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बिहार की धरती से विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने ‘बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ’ का शुभारंभ किया और महिला स्वयं सहायता समूहों को 105 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने न सिर्फ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की नई पहल का ऐलान किया, बल्कि भावुक होते हुए अपनी मां पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राजद और कांग्रेस पर निशाना साधा।
‘मां सिर्फ मेरी नहीं, देश की हर बेटी का सम्मान’
पीएम मोदी ने कार्यक्रम के दौरान कहा, “बिहार में राजद-कांग्रेस के मंच से मेरी मां को गालियां दी गईं। ये गालियां सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं है, बल्कि पूरे देश की मां-बहन-बेटी का अपमान है।” उन्होंने आगे कहा कि उनकी मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था, उनका शरीर भी अब इस दुनिया में नहीं है, फिर भी उन्हें निशाना बनाया गया।
मोदी भावुक होकर बोले, “जिस मां ने मुझे देशसेवा का आशीर्वाद देकर अपने दायित्वों से मुक्त कर दिया, आज उसी मां को गालियां दी जा रही हैं। ये पीड़ा केवल मेरी नहीं है, बल्कि बिहार की हर बेटी और मां की भी है।”
महिलाओं के लिए नई सौगात
इससे पहले प्रधानमंत्री ने बिहार की महिलाओं के लिए नई पहल की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि जीविका निधि साख सहकारी संघ से गांव-गांव की महिलाएं आसानी से ऋण प्राप्त कर सकेंगी। यह पूरी व्यवस्था डिजिटल होगी। पीएम ने कहा कि सशक्त महिलाएं ही विकसित भारत का आधार हैं और सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने शौचालय निर्माण, पीएम आवास योजना में महिलाओं के नाम पर घर, मुफ्त राशन योजना, लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और बैंक सखी जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह सब माताओं-बहनों की जिंदगी को आसान बनाने की दिशा में सरकार का बड़ा कदम है।
नीतीश कुमार और बिहार सरकार की सराहना
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि इस पहल से बिहार की लाखों महिलाएं लाभान्वित होंगी। पीएम मोदी ने भी नीतीश कुमार और एनडीए सरकार की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान आने वाले महीनों में और तेजी से आगे बढ़ेगा।
‘बिहार मां की श्रद्धा की पहचान’
पीएम मोदी ने कहा कि नवरात्र आने वाला है और बिहार की धरती पर मां और सात बहनों की पूजा की परंपरा पीढ़ियों से रही है। यही बिहार की पहचान है। उन्होंने कहा कि ऐसे राज्य में मां का अपमान और गाली-गलौज सुनना बेहद दुखद है।
राजनीति गरमाई
पीएम मोदी के इस बयान से बिहार की राजनीति गरमा गई है। जहां एक ओर एनडीए नेताओं ने इसे महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया है, वहीं विपक्षी दलों पर दबाव बढ़ना तय है।

